MLC चुनाव में निर्दलीय जीतने वाले वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज की सदस्यता पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। विधान परिषद के उपसभापति ने उनकी सदस्यता खारिज करने संबंधी विपक्ष की याचिकाएं खारिज कर दी। परिषद के उपसभापति रामवचन राय ने बताया कि आवेदन को वैधानिक रूप से विचार योग्य नहीं माना गया और इसे खारिज कर दिया गया। जानकारी के अनुसार विपक्ष का आवेदन पत्र निर्धारित फॉर्मेट के तहत भरा गया नहीं था और उसमें कई अहम जानकारियां नहीं दी गई थी। इसी आधार पर विधान परिषद सचिवालय ने दोनों नवनिर्वाचित MLC की सदस्यता रद्द करने की मांग को लेकर दायर की गई सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया।
इस कारण खारिज हुईं याचिकाएं
बिहार विधान परिषद् सचिवालय के उप सचिव मनोज कुमार की ओर से इस संबंध में दो अलग-अलग आधिकारिक पत्र जारी किए गए जिनमें साफ बताया गया कि ये याचिकाएं नियमों और शर्तों को पूरा नहीं करती थीं। संविधान की दसवीं अनुसूची और बिहार विधान परिषद् सदस्य नियम, 1994 के नियमों का पालन न होने के कारण इन याचिकाओं को विचार करने योग्य नहीं माना गया।
राजद-जनसुराज की याचिकाएं खारिज
आरजेडी की तरफ से इस संबंध में अब्दुल बारी सिद्दीकी, डॉ. सुनील सिंह, शशि यादव, राजीव कुमार और आफाक अहमद ने याचिका दायर की थी। इन नेताओं ने वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन सचिवालय ने समीक्षा के बाद पाया कि यह याचिका नियमों के मुताबिक नहीं है। इसके अलावा जन सुराज नेता और पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना समेत 5 बाहरी लोगों ने भी याचिकाएं दी थी। इन बाहरी लोगों में संदीप कुमार, अधिवक्ता रमेश कुमार सिंह चंदेल, रूपेश कुमार कुंवर और विमोहन कुमार शामिल थे। विधान परिषद सचिवालय ने इन सभी की याचिकाओं को भी अमान्य घोषित कर दिया है।
तकनीकी और कानूनी कमियां बनीं वजह
विधान परिषद सचिवालय द्वारा कहा गया कि इन याचिकाओं को खारिज करने के ठोस कानूनी और तकनीकी कारण मौजूद थे। नियमों के अनुसार केवल विधान परिषद का कोई मौजूदा सदस्य ही ऐसी याचिका दायर कर सकता है। बाहरी व्यक्तियों को याचिका दायर करने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है। साथ ही आरजेडी के सदस्यों द्वारा दायर की गई याचिका भी निर्धारित प्रारूप के अनुसार नहीं थी। दोनों ही मामलों में जरूरी एफिडेविट और सत्यापन की कमी पाई गई। इन सभी तकनीकी और प्रक्रियात्मक कमियों के कारण कार्यकारी सभापति के आदेश पर इन्हें शुरुआती स्तर पर ही रद्द कर दिया गया। विदित हो कि एमएलसी चुनाव में वंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। जीत के कुछ दिनों बाद दोनों नेता पटना स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां वे तस्वीरों में भाजपा पार्टी का गमछा और सदस्यता रसीद लिए नजर आए। इसके बाद आरजेडी और जन सुराज ने दल-बदल कानून के तहत उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई थी।