नवादा : राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिले के वारिसलीगंज-पकरीबरावां पथ स्थित शनि काम्प्लेक्स के प्रथम तल पर पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। खानापुर ग्रामीण सह नगर परिषद वार्ड-23 के पार्षद राम पदारथ सिंह द्वारा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के रिपोर्टर, यूट्यूबर और ब्लागर समेत करीब डेढ़ दर्जन से अधिक पत्रकारों को शाल, कलम और डायरी भेंट कर सम्मानित किया। इससे पूर्व पत्रकारों का दल वार्ड पार्षद एवं समाजसेवी डा.शंभु शरण की अगुवाई में पार्षद की निजी जमीन पर निर्मित शनि मंदिर, जल सूर्य मंदिर का दर्शन तथा अत्याधुनिक स्विमिंग पूल का निरीक्षण किया।
मौके पर प्रेसवार्ता के दौरान पार्षद राम पदारथ सिंह ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि मेरे जीवन में शनि का गहरा संयोग रहा है। मैं बेकसूर होते हुए भी एक हत्या के मामले में फंसा दिया गया, उस दिन शनिवार था। मैं जेल गया, उस दिन भी शनिवार था और संयोग से जिस दिन बाइज्जत बरी होकर जेल से बाहर निकला, वह भी शनिवार ही था। तभी से मैं भगवान शनि का भक्त हो गया। उन्होंने बताया कि अपनी निजी कीमती जमीन पर शनि और सूर्य भगवान के मंदिर का निर्माण करवाया है और छठ व्रतियों के लिए तालाब बनवाया है। बच्चों के लिए उसी परिसर में स्विमिंग पूल भी बनकर तैयार हो चुका है।
पार्षद ने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के सम्मान का दिन है। पत्रकार समाज की सच्चाई को उजागर कर राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सबका दायित्व है। कार्यक्रम में पत्रकार अशोक कुमार, सुजीत कुमार, अभय रंजन उर्फ गुड्डू, शानू सिंह, मनीष कमलिया, प्रदीप प्रसाद, निर्भय कुमार, राजीव कुमार सहित अन्य यूट्यूबर और ब्लागर उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट