नालंदा में भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। खेसारी लाल बीती शाम इस्लामपुर थाना क्षेत्र के शेखली गांव में एक तिलक समारोह में अपना प्रोग्राम करने पहुंचे थे। यहां जब खेसारी अपनी टीम के साथ प्रोग्राम करने लगे तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ इतनी बढ़ गई कि लोग एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करने लगे। इस दौरान कई लोग कुर्सियों पर चढ़ गए। देखते ही देखते समारोह में खेसारी लाल की एक झलक पाने के लिए उमड़ी हजारों की भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात ऐसे बिगड़े कि नाराज दर्शकों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। स्थिति को संभालने के लिए आयोजकों को प्रोग्राम को रोकना तक पड़ गया।
तिलक समारोह में कार्यक्रम कर रहे थे गायक
जानकारी के अनुसार शेखली गांव में तिलक समारोह में भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव को कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। खेसारी समय पर अपनी टीम के साथ पहुंचे और मंच पर कार्यक्रम शुरू हो गया। इलाके में खेसारी के आने की खबर जंगल की आग की तरह फैली और उन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई। आयोजकों ने इतनी भीड़ की उम्मीद नहीं की थी। गड़बड़ी तब शुरू हो गई जब दर्शक खेसारी लाल को करीब से देखने के लिए आपस में ही खींचतान करने लगे। लोग आगे बढ़ने लगे तथा कुछ दर्शक कुर्सियों पर चढ़कर कार्यक्रम देखने लगे।
उम्मीद से ज्यादा जुटी भीड़ से अफरातफरी
इसी के बाद भीड़ में धक्का-मुक्की और आपाधापी शुरू हो गई। इसी बीच समारोह में रखी कई कुर्सियां टूट गईं। कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग कुर्सियां तोड़ने लगे। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, समारोह में कुर्सियों के टूटने से काफी अव्यवस्था हुई। मामला सामने आने के बाद पुलिस भी वहां पहुंची और जांच में जुट गई। बताया जाता है कि जुटी भीड़ के अनुपात में बैठने और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई थी। इसी वजह से माहौल तनावपूर्ण हो गया। अचानक मची अफरा-तफरी के बीच दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने वहां रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति सामान्य करने में पुलिस व सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।