नवगछिया में पदस्थापित दरोगा योगेश कुमार की बीती माह हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। दारोगा योगेश ने 24 अक्टूबर कों नवगछिया पुलिस लाइन स्थित अपने क्वार्टर में खुदकुशी कर ली थी। दारोगा की पत्नी गुड़िया कुमारी पटना सचिवालय में कार्यरत हैं। नवगछिया थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में गुड़िया कुमारी की संलिप्तता सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। गुड़िया कुमारी को अपने पति को खुदकुशी के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दारोगा की मौत से ठीक पहले वह उनके पास दुर्गापूजा में नवगछिया गई थी। वहां लौटने के बाद उसकी दारोगा से फोन पर बात हुई थी जिसके बाद ही दारोगा ने खुदकुशी कर ली। बांका के रहने वाले दारोगा योगेश हाल ही में एएसआई से सब इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नत हुए थे और हाल ही में उनकी शादी भी हुई थी।
नवगछिया पुलिस ने गुड़िया को भागलपुर के अकबरनगर थाना क्षेत्र के छिटमकंदपुर स्थित उसके पिता के घर से गिरफ्तार किया। मृतक दारोगा के परिजनों ने योगेश कुमार की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए साजिश के तहत पत्नी द्वारा हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। परिजनों का कहना था कि योगेश कुमार आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकते। इसी के बाद अनुसंधान के क्रम में साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दारोगा की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गुड़िया ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
इधर पुलिस ने मृत दारोगा की पत्नी को गिरफ्तारी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मृतक दरोगा के पिता के बयान पर पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दारोगा योगेश कुमार की आत्महत्या के बाद उनके पिता रामकृष्ण साह ने नवगछिया थाने में अपनी बहू गुड़िया देवी के खिलाफ आवेदन देकर बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने में उसकी संलिप्तता का आरोप लगाया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने गुड़िया कुमारी को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में पुलिस अन्य सभी बिंदुओं पर भी गहनता से जांच कर रही है और आगे जो भी तथ्य मिल रहे हैं उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।