पटना/बाढ़ : छठ महापर्व के अवसर पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न गंगा घाटों का भौतिक निरीक्षण किया।
इस दौरान एसडीएम कृष्णा जोशी, ग्रामीण एसपी कोमल मीणा, एएसपी बाढ़ (1) रामकृष्ण एवं एएसपी बाढ़ (2) आयुष श्रीवास्तव ने अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पटना ग्रामीण क्षेत्रांतर्गत विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों, सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने छठ घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तत्परता एवं सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया। पटना पुलिस छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट

