नवादा : लोक आस्था का महापर्व छठ को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और शहर में जाम की स्थिति नहीं बने, इसके लिए जिला पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत शहर के 14 प्रमुख स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाये जायेंगे। निर्धारित समय में इन रास्तों से आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक और 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से नौ बजे तक कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, वहीं, संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान शहर में छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संपर्क मार्गों पर ड्रॉप गेट लगाये जायेंगे. इनमें गैस गोदाम चौक, सूर्य मंदिर के सामने वाली गली, माड़ो मंडल के बगल वाली गली, खुरी नदी पर दक्षिणी डायवर्सन, रजौली बस स्टैंड के पास खुरी नदी डायवर्सन की ओर जाने वाली सड़क, लाल चौक, गोला रोड मोड़ और इंदिरा चौक शामिल हैं। इसके अलावा तीन नंबर गुमटी के बगल वाली सड़क, पंपुकल चौक, बरनवाल ट्रेडर्स के बगल वाली सड़क, उत्क्रमित मध्य विद्यालय के सामने वाली गली तथा नवादा रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-34 और सीओ-02 नंबर गुमटी पर भी ड्रॉप गेट लगाये जायेंगे। इन सभी स्थानों पर तय समय के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के निर्देश के अनुसार, 15 नवंबर को दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक और 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से नौ बजे तक पुरानी रेलवे स्टेशन रोड और गोला रोड में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं, 13 नवंबर की रात आठ बजे से 15 नवंबर की शाम सात बजे तक और 16 नवंबर को सुबह तीन बजे से नौ बजे तक प्रजातंत्र चौक से रजौली बस स्टैंड तक वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। इस दौरान लोगों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग व्यवस्था का ध्यान रखना होगा।
छठ के दौरान शहर में भीड़ को देखते हुए 14 और 15 नवंबर को सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक नवादा शहर में छोटी-बड़ी सभी तरह के मालवाहक वाहनों और यात्री बसों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, आवश्यक और आकस्मिक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गयी है। इनमें एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और वाटर टैंकर शामिल हैं।

छठ के संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय शहर में छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इसका उद्देश्य घाटों तक जाने वाले रास्तों को खाली रखना है, ताकि व्रती और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पैदल घाट तक पहुंच सकें, साथ ही भीड़ के बीच जाम और दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सके।
पुलिस प्रशासन ने पुरानी रेलवे स्टेशन परिसर को पार्किंग स्थल के रूप में चिह्नित किया है। घाटों की ओर जाने वाले लोगों से अपील की गयी है कि वे अपने वाहनों को इसी निर्धारित स्थल पर खड़ा करें। प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का मानना है कि आम लोगों के सहयोग से ही छठ के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जा सकेगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से घाटों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

भईया जी की रिपोर्ट
