RJD सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य छठ के मौके पर खरना का प्रसाद खाने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के घर जाएंगी। रोहिणी आजकल अपने माता—पिता के पास आई हुई हैं और यहां उन्होंने नीतीश कुमार को अपना चाचा बताते छठ का प्रसाद खाने उनके घर जाने की बात कहकर राजनीतिक तपिश बढ़ा दी है। रोहिणी आचार्या ने कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए सभी विपक्षी दलों को आपसी मतभेद भुलाकर एक साथ आ जाना चाहिए। राजद के भाई वीरेंद्र ने भी पिछले दिनों दावा किया था कि बिहार में बड़ा खेला होने वाला है। अब सियासी हलके में रोहिणी के ताजा ऐलान से हलचल बढ़ गई है।

पटना में पत्रकारों से बात करते हुए रोहिणी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करना बहुत जरूरी है। इसके लिए विपक्षी दलों को सारे मतभेद भुलाकर एक साथ आना होगा। इसके बाद उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के घर वह अवश्य जाएंगी। वे मेरे चाचा हैं, छठ में खरना का प्रसाद खाने उनके घर जरूर जाऊंगी। नीतीश कुमार अब मुख्यमंत्री नहीं हैं, वे जदयू के नेता और राज्यसभा सांसद हैं। लेकिन लालू परिवार और नीतीश कुमार का रिश्ता बिहार की राजनीति में हमेशा से चर्चा में रहा है।
रोहिणी ने बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सम्राट सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि राज्य में पुलिसकर्मियों पर भी हमले हो रहे हैं। अपराधियों का मन बहुत बढ़ा हुआ है। क्राइम में कमी नहीं आ रही है, तो कहीं पुलिस वाले ही लोगों को मार रहे हैं। रोहिणी ने कहा कि बिहार में अपराध और महंगाई जैसे मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है। यहां तक की त्योहार के मौके पर भी लोग सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। दरअसल, विधान परिषद चुनाव के बाद जदयू और बीजेपी के रिश्तों में तनातनी के बाद से ही विपक्ष नीतीश कुमार को किसी भी तरह से अपने पाले में लाना चाह रहा। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने भी दावा किया था कि बिहार में एक बार फिर बड़ा खेला होने वाला है। अब रोहिणी का नीतीश के घर जाने का बयान भी विपक्ष की इसी कोशिश का एक अगला प्रयास कहा जा रहा है।
