– नहाय खाय शुक्रवार को
नवादा : बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और आस्था से जुड़ा सूर्योपासना का महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। चार दिवसीय पर्व को लेकर जिले में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। शहर से लेकर गांवों तक घरों में साफ-सफाई, प्रसाद के लिए अन्न धोने-सुखाने और पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।छठ को लेकर जिले के बाजारों व कस्बों में दुकानदारों ने अपनी दुकानें सजा ली हैं। बांस से बने सूप, दउरा, डलिया और टोकरी की मांग बढ़ गई है। महिलाएं अपनी जरूरत और बजट के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। दुकानों पर सूप-दउरा पसंद करने और दुकानदारों से मोलभाव करने का सिलसिला जारी है।
पूजा के लिए पीतल की थाली, लोटा, कटोरा और अन्य बर्तनों के साथ नारियल, केला, गन्ना, नींबू, अदरक, हल्दी, शकरकंद और सुथनी की खरीदारी भी तेज हो गई है। कपड़े और घरेलू उपयोग की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। दुकानदारों को उम्मीद है कि पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी और बढ़ेंगी। छठ की तैयारियों की खास तस्वीर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रही है। गांवों में महिलाएं करीब दस दिन पहले से ही पारंपरिक मिट्टी के चूल्हे बनाने में जुटी थीं। महिलाएं सामूहिक रूप से मिट्टी तैयार कर उसे गूंथती हैं और पारंपरिक तरीके से चूल्हों का निर्माण करती हैं। अब इन चूल्हों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
चूल्हे बनाने के दौरान महिलाएं पारंपरिक छठ गीत भी गाती हैं। इस काम में बुजुर्ग महिलाओं के साथ युवतियां और नई पीढ़ी की महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। इन्हीं चूल्हों पर छठी मइया को अर्पित किए जाने वाले ठेकुआ और अन्य प्रसाद तैयार होंगे। आधुनिकता के दौर में भी कायम यह परंपरा ग्रामीण जीवन में आपसी सहयोग और लोक संस्कृति की झलक पेश करती है। महापर्व के पहले दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को नहाय-खाय का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती स्नान कर शुद्धता और सात्विकता के साथ व्रत का संकल्प लेंगे। घरों में अरवा चावल, चने की दाल और कद्दू की सात्विक सब्जी तैयार की जाएगी। व्रती इसे ग्रहण कर चार दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत करेंगे। इस दौरान घरों की साफ-सफाई और रसोई की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
महापर्व के दूसरे दिन शनिवार, 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को स्नान कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद लेने के बाद व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा. व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही पारण करेंगे। महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती और श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य छठ घाटों पर पहुंचेंगे। शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। छठ गीतों और पारंपरिक लोकधुनों से माहौल भक्तिमय रहेगा।
चौथे और अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। व्रती पूजा-अर्चना के बाद पारण कर अपना व्रत पूरा करेंगे। छठ महापर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में कई जगहों पर घाटों की साफ-सफाई का काम ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं के सामूहिक प्रयास से किया जा रहा है। नदी, तालाब और पारंपरिक छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई, कचरा हटाने और पूजा स्थलों को व्यवस्थित करने में लोग जुटे हैं। सामाजिक संगठनों और युवाओं की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है।
प्रखंड क्षेत्र के कई तालाबों और घाटों पर अब भी साफ-सफाई का काम जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि घाटों की व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से अपेक्षित सक्रियता नहीं दिख रही है। उनका आरोप है कि केवल चुनिंदा स्थानों पर सफाई कराकर औपचारिकता पूरी की जाती है, जबकि कई ग्रामीण घाटों पर सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का अभाव है। ऐसे में श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान परेशानी होने की आशंका है। छठ को लेकर बाजारों और घरों में तैयारियां लगभग अंतिम चरण में हैं। ग्रामीण अपने स्तर पर घाटों को साफ करने में जुटे हैं। अब श्रद्धालुओं की नजर प्रशासन पर है कि पर्व से पहले सभी प्रमुख और ग्रामीण घाटों पर सफाई, रास्तों की व्यवस्था और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाती हैं या नहीं।
भईया जी की रिपोर्ट