नवादा : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नवादा शहर में तैयारियां तेज हो गयी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद की ओर से शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पहुंच पथ और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इस वर्ष मिर्जापुर स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर परिषद ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। घाट पर भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किये जा रहे हैं।
नगर परिषद के अध्यक्ष प्रतिनिधि संजय साव और पूर्व उपाध्यक्ष राजेश कुमार मुरारी ने बताया कि छठ महापर्व को लेकर घाट की व्यवस्था बेहतर बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। मिर्जापुर सूर्य मंदिर घाट पर दो हाइड्रा मशीन, पांच जेसीबी और नगर परिषद के दर्जनों सफाईकर्मियों को लगाया गया है। मशीनों के माध्यम से घाट को समतल करने, मिट्टी हटाने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित जगह तैयार करने का काम चल रहा है।
छठ के दौरान मिर्जापुर सूर्य मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इससे सड़क पर जाम की समस्या उत्पन्न होने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए गैस गोदाम के बगल से खुरी नदी में डायवर्सन बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने से श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम होगा और भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। डायवर्सन से जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
छठव्रतियों की सुविधा और स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए घाट पर 24 अस्थायी शौचालय बनाये जा रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं की सुविधा और निजता का ध्यान रखते हुए 24 चेंजिंग रूम भी तैयार किये जा रहे हैं। इनमें चार बड़े और 20 छोटे चेंजिंग रूम शामिल हैं। इन व्यवस्थाओं से विशेषकर महिला श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी।
घाट पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था के लिए सैकड़ों दूधिया होलोजन लाइट लगायी जायेंगी। मिर्जापुर सूर्य मंदिर घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 बिजली के पोल भी गाड़े गये हैं। इन पर 40 वाट की एलइडी लाइट लगायी जायेगी। इसके अलावा घाट के अलग-अलग हिस्सों में भी रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है, ताकि सुबह और शाम अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो।
नगर परिषद क्षेत्र में कुल 24 छठ घाट हैं। सभी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम चल रहा है। नगर परिषद का प्रयास है कि महापर्व से पहले सभी घाट पूरी तरह तैयार हो जायें। प्रशासन और नगर परिषद की ओर से की जा रही तैयारियों से इस बार छठव्रतियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
भईया जी की रिपोर्ट