नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड स्थित ऐतिहासिक जर्रा बाबा पहाड़ी पर गुरुवार को 72वीं जर्रा बाबा दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्व. राघो महतो की स्मृति में आयोजित इस पारंपरिक दंगल में बिहार, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत कई राज्यों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। कुश्ती का रोमांच देखने के लिए पहाड़ी पर हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ी। इस बार महिला पहलवानों की भागीदारी प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रही।

प्रथम पुरस्कार के मुकाबले में हरियाणा के गुआना जिले के मंजीत पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। उन्हें 31 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया। पंजाब के लुधियाना जिले के पहलवान उपविजेता रहे, जिन्हें स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। द्वितीय पुरस्कार के मुकाबले में हरियाणा के करनाल जिले के गोदी पहलवान विजेता बने, जबकि बिहार के भागलपुर निवासी दिव्यांशु कुमार उपविजेता रहे। विजेता को 21 हजार रुपये नकद और उपविजेता को रजत पदक दिया गया। तृतीय पुरस्कार में दिल्ली के अमित कुमार विजेता बने, जबकि बिहार के कैमूर जिले के अभिषेक यादव उपविजेता रहे। विजेता को 11 हजार रुपये नकद और उपविजेता को रजत पदक देकर सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की मनप्रीत कुमारी ने जीत हासिल की जबकि भागलपुर के नाथनगर की नंदनी कुमारी उपविजेता रहीं। विजेता को 11 हजार रुपये नकद और उपविजेता को रजत पदक दिया गया। इसके अलावा छोटू यादव, लक्ष्मी बिगहा और जमुई के सतीश कुमार समेत अन्य पहलवानों को भी पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी पहलवानों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पुरस्कार वितरण बीडीओ अमित कुमार, बीपीआरओ पुरुषोत्तम कुमार, राजद नेत्री पिंकी भारती और सेवानिवृत्त शिक्षक मथुरा प्रसाद ने किया। वहीं, द्वितीय पुरस्कार मुखिया पति बिंदेश्वरी यादव और पूर्व जिला परिषद सदस्य राजदेव यादव ने प्रदान किया। दंगल के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। पूरी प्रतियोगिता शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

आयोजनकर्ता और समाजसेवी बिनोद कुमार ने बताया कि उनके पिता स्व. राघो महतो की स्मृति में शुरू हुई यह परंपरा 72 वर्षों से लगातार चली आ रही है। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष आयोजित होने वाली 73वीं दंगल प्रतियोगिता में प्रथम विजेता पहलवान को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जायेगा। उनका उद्देश्य इस ऐतिहासिक आयोजन को और भव्य बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्र की कुश्ती प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
भईया जी की रिपोर्ट

