नवादा : जिले के गोविंदपुर प्रखंड क्षेत्र के करणपुर बालू घाट से अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई कर लौट रही खनन विभाग की टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में सात लोगों के विरुद्ध थाली थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। हमले में खनन विभाग के तीन कर्मी घायल हुए थे। हमलावर जब्त बालू लदे एक ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर फरार हो गये थे।
खनन पदाधिकारी प्रत्यय अमन ने बताया कि इस मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। प्राथमिकी थाली थाना में दर्ज की गयी है। पुलिस अब नामजद आरोपितों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद फरार हुए ट्रैक्टर की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी पुलिस के सामने चुनौती बनी हुई है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर की सुबह करणपुर बालू घाट की सकरी नदी में अवैध बालू खनन और परिवहन की सूचना पर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान टीम ने बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त किये थे। दोनों ट्रैक्टरों को गोविंदपुर थाना ले जाने के दौरान महेशपुर पुल के समीप बाइक सवार लोगों ने टीम पर हमला कर दिया था।
मारपीट में खनन निरीक्षक संतोष प्रकाश झा, सौरभ अभिषेक समेत अन्य कर्मी घायल हुए थे। हमलावरों ने एक ट्रैक्टर को जबरन छुड़ा लिया और फरार हो गये। घटना के बाद पुलिस ने मौके से एक अन्य ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल जब्त की थी। घटना में घायल खनन कर्मियों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर में कराया गया था। इसके बाद खनन निरीक्षक के आवेदन पर सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। पुलिस मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट