मुजफ्फरपुर के गायघाट में आज गुरुवार की सुबह—सुबह मैठी चौक के पास एनएच-27 किनारे झाड़ियों में एक प्रॉपर्टी डीलर का शव पड़ा मिलने की सूचना है। मृतक की पहचान मैठी गांव निवासी शिवचरण राय के 55 वर्षीय पुत्र कमलेश राय के रूप में हुई है। उसके शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिले हैं। मृतक के भाई विमलेश राय ने बताया कि कमलेश बीती रात साढ़े 9 बजे एक ट्रक को टोल मुक्त कराने के लिए टोल प्लाजा गया था। इसके बाद से ही वह गायब हो गया। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे और आज गुरुवार सुबह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर एनएच 27 किनारे झाड़ी में उसका शव मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक जांच में जमीन की खरीद-बिक्री के विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जमीन विवाद में वारदात की आशंका
मृतक के भाई ने हत्या कर शव को झाड़ी में फेंके जाने की आशंका जताई है। बताया जाता है कि कमलेश राय पहले ट्रक चलाता था। करीब एक साल से वह जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़ गया। आशंका जताई जा रही है कि जमीन के कारोबार से जुड़े किसी विवाद में उसकी किसी ने हत्या कर दी। हालांकि हत्या के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शव मिलने के बाद भीड़ जुटने से एनएच-27 पर यातायात प्रभावित हुआ और मुजफ्फरपुर से दरभंगा जाने वाली लेन पर वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
मैठी गांव निवासी मृतक कमलेश राय के शरीर पर पिटाई के कारण कई जगह गहरे चोट के निशान मिले है। मृतक के भाई विमलेश राय ने बताया कि करीब एक साल से कमलेश राय जमीन की खरीद-बिक्री का काम कर रहे थे। इससे पहले वह ट्रक चालक थे। घटना के पीछे दो कारणों की चर्चा है। प्रॉपर्टी डीलिंग में प्रतिस्पर्धा और टोल पर विवाद के बीच हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर पुलिस टोल के सीसीटीवी फुटेज और मृतक के मोबाइल टावर लोकेशन की पड़ताल कर रही है।