नवादा : नगर के गोवर्धन मंदिर समिति नवादा की ओर से गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर होने वाले विशाल दंगल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों से आए महिला एवं पुरुष पहलवानों ने हरिश्चंद स्टेडियम स्थित अखाड़े में दंगल का दमखम दिखाया। पूर्व श्रमराजयमंत्री सह गोवर्द्धन मंदिर समिति के अध्यक्ष राजबल्लभ प्रसाद के नेतृत्व में संपन्न हुए इस विशाल दंगल प्रतियोगिता के लिए भारी संख्या में दंगलप्रेमियों का जुटान हुआ। अंतर्राज्यीय, राज्यस्तरीय एवं क्षेत्रीय पहलवानों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रबंधन समिति ने कई अहम फैसले लिए और पांच से छह प्रतिभागी वर्ग के लिए अलग अलग पुरस्कार की घोषणा की।
पुरस्कार की घोषणा स्वयं श्री राजबल्लभ प्रसाद ने किया और पूर्व से निर्धारित राशि को बढ़ाते हुए सीनियर पुरुष वर्ग विजेता को 31 हजार रुपए नगद और उपविजेता को 25 हजार रुपए नगद पुरस्कार कर दिया । उसी प्रकार जूनियर वर्ग को भी 21 हजार विजेता और 15 हजार का पुरस्कार उपविजेता को किया गया। देर शाम को संपन्न हुए दंगल में अंतर्राज्यीय पुरुष वर्ग के विजेता दिल्ली के शीतल पहलवान हुए जबकि उपविजेता हरियाणा के पुनीत पहलवान को घोषित किया गया।
इसी प्रकार महिला दंगल में विजेता तनु चौहान मेरठ और उपविजेता पिंकी लखवान हरियाणा घोषित की गई। भागलपुर की मीनाक्षी पहलवान को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। नवादा सीनियर वर्ग के विजेता रामपुर के गोपाल यादव बने जबकि कोल्हाबिघा के सतीश कुमार उपविजेता हुए। नवादा जूनियर वर्ग में विनय यादव गोंदापुर ने विजयी हासिल की जबकि बनिया बिगहा के विपिन यादव उपविजेता घोषित किए गए। अंतर्राज्यीय जूनियर वर्ग में कुरुक्षेत्र के कृष्ण कुमार विजेता और ऋतिक हरियाणा को उपविजेता घोषित किया गया।
दंगल का विशेष आकर्षण छोटा बच्चा एकलव्य कुमार को 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया। जोड़ा बनाने से लेकर पुरस्कार वितरण तक विवेक यादव, मथुरा यादव, श्रवण यादव राजगीर वार्ड पार्षद, सुरेन्द्र यादव, रविन्द्र यादव, ब्रजेंद्र कुशवाहा इत्यादि शामिल रहे जबकि अखाड़े में प्रो धनराज प्रसाद, रामबिलास प्रसाद, लालकेश्वर राय समेत कई समाजसेवियों और दंगल प्रेमियों ने निष्पक्ष रेफरी की भूमिका निभाई। प्रबंधन कार्य में सुरेन्द्र यादव, राजेंद्र यादव, अजय यादव समेत कई समाजसेवियों ने रात दिन एक कर इस दंगल प्रतियोगिता को सफल बनाया।
भईया जी की रिपोर्ट