जदयू से निष्कासित मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को होने वाली शादी की आजकल हर तरफ चर्चा है। शादी के लिए भव्य पंडाल से लेकर मेहमानों की लिस्ट तथा उनके होने वाले दामाद को गिफ्ट किए जाने वाले डिफेंडर गाड़ी तक पर बातें हो रही हैं। इसी सबके बीच अनंत सिंह से जब उनकी बेटी की शादी में आने वाले मेहमानों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि—’मुंह से नहीं बता सकते, इसके लिए तो कॉपी देखनी पड़ेगी’। अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में देश-विदेश से मेहमानों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।

बेटी की शादी की पूरे भारत में चर्चा
विदित हो कि 25 नवंबर को अनंत सिंह के गांव नदवां में उनकी बेटी शिवांगी की शादी शाही अंदाज में संपन्न होगी। इसके लिए नदवां में लगभग 10 बीघे में भव्य पंडाल बनाया जा रहा है। आने वाले मेहमानों के बारे में अनंत सिंह ने खुद ही जानकारी दी। जब विधायक अनंत सिंह से मेहमानों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, मुंह से हम उतना नहीं बता सकते हैं। इसके लिए तो हमको कॉपी देखना होगा। इस तरह से संभावना जताई जा रही है कि मेहमानों की लिस्ट लंबी होने वाली है। इसमें बिहार की सियासत से जुड़े नेता, भोजपुरी इंडस्ट्री के कलाकार समेत अनंत सिंह के कई समर्थक शामिल हैं।
ब्याहकर बिहटा आएंगी शिवांगी
अनंत की बेटी की शादी में जयमाल कार्यक्रम के लिए करीब 30 फीट ऊंचा स्टेज बनाया जा रहा है। इसके अलावा शादी का पंडाल सजाने के लिए चीन और बेंगलुरु से महंगे फूल मंगाए गए हैं। पंडाल में व्यवस्था इस तरह से रहेगी कि जयमाल और शादी की रस्में दूर बैठे मेहमान भी आसानी से देख सकेंगे। चर्चा यह भी है कि मेन्यू में 150 से भी ज्यादा खाने के आइटम रखे गए हैं। उधर अनंत सिंह ने अमेरिका में रहने वाले अपने दामाद ऋषिकेश के लिए ढाई करोड़ कीमत की डिफेंडर कार गिफ्ट की है। ऋषिकेश मूल रूप से बिहटा के रहने वाले हैं। 20 नवंबर को फलदान के साथ शादी की सभी रस्मों की शुरुआत हो जाएगी।
