नवादा : जिले के सिरदला थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को ट्रैक्टर-डाला के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नरहट थाना क्षेत्र के खनवां गांव निवासी बेदमानी पांडे के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय आदित्य पांडे का पुत्र बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, सिरदला थाना कांड संख्या 349/26 के तहत दर्ज मामले में आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने अवैध बालू परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रैक्टर-डाला के साथ उसे गिरफ्तार किया था। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नियमों का उल्लंघन कर बालू का परिवहन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की निगरानी और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट