नवादा : जिले के मेसकौर प्रखंड के जिस घर में दीपावली के दीप जलाने की तैयारी हो रही थी, जिस पत्नी की आंखों में आने वाले बच्चे के भविष्य के सपने पल रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। दीपावली की खरीदारी करने निकले तीन दोस्तों को क्या पता था कि घर लौटने के रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है।
उसरी गांव के समीप भैंस से टकराकर टोटो से भिड़ी बाइक
हादसा गया जी जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र में वजीरगंज और चट्टी के बीच उसरी गांव के समीप हुई। मृतक और घायल तीनों युवक नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड अंतर्गत मिर्जापुर पंचायत के गुहीला गांव के रहने वाले थे। तीनों की उम्र महज 18 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तीनों दोस्त एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर दीपावली की खरीदारी करने वजीरगंज बाजार गये थे। खरीदारी के बाद जब वे अपने गांव लौट रहे थे, तभी उसरी गांव के समीप तालाब की ओर से अचानक एक भैंस सड़क पर आ गई। बाइक भैंस से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे एक टोटो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो पलट गया।
राजा की घटनास्थल पर मौत, सुजीत ने रास्ते में तोड़ा दम
भीषण दुर्घटना में राजा कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल सुजीत कुमार गया ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे साथी नीतीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। उनके हाथ में फ्रैक्चर और पैर में चोट आई है। उनका इलाज गया जी जिले के वजीरगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
दस महीने पहले हुई थी राजा की शादी, छह महीने की गर्भवती है पत्नी
हादसे की सबसे दर्दनाक तस्वीर राजा कुमार के घर की है। राजा की शादी महज दस महीने पहले हुई थी और उनकी पत्नी छह महीने की गर्भवती हैं। जिस घर में कुछ महीनों बाद बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार मची है। जिस पत्नी ने अपने पति के साथ जिंदगी के अनगिनत सपने संजोये थे, उसके सिर से सुहाग का साया उठ गया। गर्भ में पल रहे बच्चे के जन्म से पहले ही उसके पिता का साथ छूट गया।
सुजीत की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दूसरे मृतक सुजीत कुमार तीन भाइयों में दूसरे स्थान पर थे। उनकी असामयिक मौत से माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दीपावली की खुशियां मातम में बदल गयी। दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
भईया जी की रिपोर्ट