नवादा : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग एवं पुलिस द्वारा दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 221.04 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई तथा चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पहली कार्रवाई में उत्पाद थाना, नवादा के अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर रजौली थाना अंतर्गत चाफेल जंगल में संयुक्त छापेमारी की गई।
इस दौरान तीन मोटरसाइकिलों से कुल 81 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें रॉयल ग्रीन डीलक्स ब्लेंडेड व्हिस्की एवं रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की विभिन्न मात्रा शामिल है। उक्त शराब तीन मोटरसाइकिलों के अलग-अलग डिब्बों में रखी हुई थी। इस कार्रवाई में रजौली थाना क्षेत्र के कुम्हरुआ गांव निवासी रवि कुमार (उम्र लगभग 23 वर्ष), पिता रामाशीष प्रसाद एवं मुकेश कुमार (उम्र लगभग 19 वर्ष), पिता अमीरक यादव को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में सुबह करीब 07:15 बजे सहायक अवर निरीक्षक श्री दिलीप कुमार के नेतृत्व में गोविंदपुर थाना अंतर्गत चेकपोस्ट पर वाहन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में बोलेरो वाहन (पंजीकरण संख्या BR10H5471) की विधिवत तलाशी लेने पर वाहन की छत में बने गुप्त तहखाने से ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की के 180 एमएल के कुल 778 टेट्रा पैक बरामद किए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा 140.04 लीटर है। शराब के पैक पर ‘For Sale in Uttar Pradesh Only’ अंकित था।
इस मामले में वाहन चालक रोहन साव, पिता धारिका साव, निवासी बोकारो स्टील सिटी, थाना हरला, जिला बोकारो (झारखंड) तथा वाहन में बैठे मोहम्मद असलम, पिता मोहम्मद हैदर, निवासी जमुआ, थाना जमुआ, जिला गिरिडीह (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया।दोनों मामलों में कुल 221.04 लीटर विदेशी शराब की बरामदगी हुई है तथा गिरफ्तार व्यक्तियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट