अपने दोस्त के बेटे के वलीमा में शामिल होने प्रयागराज जाने के दौरान मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को काशी पुलिस ने वाराणसी शहर में नहीं घुसने दिया। अनंत सिंह का प्रयागराज जाने के क्रम में वाराणसी में लंका चौराहा पर मालवीय प्रतिमा पर माल्यार्पण करने का कार्यक्रम था। लेकिन शहर के लंका चौराहा से पहले ही डाफी में हरसेवानंद स्कूल के पास मलहिया रोड पर उन्हें पुलिस ने रोक दिया। वारणसी कमिश्नेरट पुलिस ने अनंत सिंह को बताया कि धनतेरस की भीड़ के कारण शहर में ट्रैफिक का दबाव अधिक है, साथ ही उन्हें काफिले के साथ शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं है। इसपर अनंत सिंह ने पुलिस से सहमति जताई और समर्थकों के साथ प्रयागराज की ओर निकल गए।
समाजवादी पार्टी के नेता हैं पप्पू सलमान
दरअसल, अनंत सिंह शुक्रवार को सैकड़ों गाड़ियों के काफिले के साथ अपने नजदीकी मित्र पप्पू सलमान के बेटे की शादी के बाद होने वाले वलीमा समारोह में शामिल होने प्रयागराज के लिए रवाना हुए। वे प्रयागराज में अपने पुराने दोस्त पप्पू सलमान के बुलावे पर देर रात पहुंचे और उनके बेटे की शादी के रिसेप्शन में शामिल हुए। रिपोर्ट के अनुसार पप्पू सलमान ने वहां अपने दोस्त अनंत सिंह का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। पप्पू सलमान प्रयागराज के एक बड़े किसान और समाजवादी पार्टी के नेता हैं। पप्पू सलमान का असली नाम सलमान अहमद है। प्रयागराज और स्थानीय स्तर पर लोग उन्हें ‘पप्पू मलावां’ के नाम से भी जानते हैं। वर्तमान में पप्पू सलमान सपा के सांगठनिक ढांचे में गंगापार जिले के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
घोड़ों के शौक के कारण दोनों में हुई दोस्ती
अनंत सिंह का घोड़ों से प्रेम जगजाहिर हैं। लालू का घोड़ा खरीदने से लेकर पटना की सड़कों पर घोड़ा दौड़ाते अनंत सिंह की कई कहानियां चर्चित हैं। अनंत सिंह की पप्पू सलमान से दोस्ती की वजह भी यहीं घोड़ा प्रेम है। पप्पू सलमान भी घोड़ों के शौकीन हैं। उनके पास करीब 20 लाख रुपये की कीमत का बेहद खास रेसर घोड़ा है। मोकामा क्षेत्र के विधायक और ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह को घोड़ों और घुड़सवारी का बहुत पुराना और शाही शौक रहा है। कहा जाता है कि आरा के एक साझा परिचित के माध्यम से घोड़ों की खरीद-बिक्री और रेस के दौरान दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद यह शौक गहरी दोस्ती में बदल गई। अनंत सिंह अपने इन्हीं मित्र पप्पू सलमान के बुलावे पर प्रयागराज पहुंचे जहां सूबेदारगंज स्थित खेलगांव में पप्पू सलमान के बेटे के रिसेप्शन पार्टी में वो शामिल हुए।