नवादा : जिला पदाधिकारी, नवादा रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल, नवादा ने बताया कि नवादा प्रमंडल अंतर्गत अब तक 565 लाभुकों के घरों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 307 लाभुकों के यहां कार्य प्रगति पर है।
वहीं, विद्युत प्रमंडल, रजौली अंतर्गत 93 लाभुकों के यहां सोलर पैनल अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 377 लाभुकों के यहां अधिष्ठापन किया जाना शेष है। जिला पदाधिकारी ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने के लिए सभी अधिकृत सोलर वेंडरों को निर्देश दिया कि वे अधिक विद्युत खपत करने वाले उपभोक्ताओं के घरों पर डोर-टू-डोर भ्रमण कर व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें।
साथ ही, उन्हें योजना के लाभ, सोलर पैनल अधिष्ठापन की प्रक्रिया एवं सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी की विस्तृत जानकारी देकर योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने संबंधित विद्युत पदाधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ता योजना से लाभान्वित हो सकें। बैठक में सहायक समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकृत सोलर वेंडर उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट