नवादा : जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नवादा पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) के तहत विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

इस दौरान प्रशिक्षुओं को पुलिस के दैनिक कार्यों में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और ऑनलाइन रिकॉर्ड संधारण की विस्तृत जानकारी दी गयी। शत-प्रतिशत डाटा एंट्री, प्राथमिकी दर्ज करने, चार्जशीट अपलोड करने और गिरफ्तारी से जुड़ी प्रक्रियाओं को विस्तार से समझाया गया। इसके साथ ही नफीस इंटीग्रेशन और आइसीजेएस के माध्यम से विभिन्न आपराधिक न्यायिक संस्थानों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान और समन्वय की कार्यप्रणाली से भी प्रशिक्षुओं को अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में पीएमएस पोर्टल, पुलिस दीदी और सीसीटीएनएस की कार्यप्रणाली को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। प्रशिक्षुओं को बताया गया कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही और समयबद्ध उपयोग पुलिस कार्यों को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ अनुसंधान, अभिलेख संधारण और मामलों की निगरानी को भी प्रभावी बनाता है। विशेष रूप से लंबित कांडों का डाटा समय पर अपडेट करने और सभी आवश्यक जानकारियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
]इसका उद्देश्य पुलिस रिकॉर्ड को अद्यतन रखना और तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से कार्यों का सुचारु निष्पादन सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण के जरिये प्रशिक्षुओं को पारंपरिक पुलिसिंग के साथ आधुनिक डिजिटल पुलिसिंग की व्यावहारिक जानकारी देने का प्रयास किया गया। इससे भविष्य में उनकी कार्यक्षमता बढ़ने के साथ अपराध नियंत्रण, अनुसंधान और पुलिस प्रशासनिक कार्यों में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल की उम्मीद है।

भईया जी की रिपोर्ट
