नवादा : दीपावली-धनतेरस व छठ त्योहार को देखते हुए जिले में पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित अनुराग और सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुल्लास कुमार के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री और भंडारण करने के मामले में दो दुकानों और एक गोदाम को सील कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

छापेमारी अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गयी। अधिकारियों ने पटाखों की बिक्री और भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस, आवश्यक दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। जांच में नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो दुकानों और एक गोदाम को सील किया गया। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं को रोकना है।
एसडीओ अमित अनुराग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों की बिक्री और भंडारण करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
एसडीओ ने आम लोगों से त्योहार को खुशियों और सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक आवाज वाले पटाखों का इस्तेमाल नहीं करें। ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ दीपावली मनाने की अपील की। प्रशासन की ओर से अवैध पटाखा कारोबार के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

भईया जी की रिपोर्ट
