नवादा : जिले के पकरीबरावां प्रखंड के जोगीबीघा गांव में चौकी से गिरने के बाद नौ माह के मासूम की मौत हो गयी। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पकरीबरावां में परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोगीबीघा गांव निवासी जोधन चौहान का नौ माह का पुत्र अचानक चौकी से जमीन पर गिर गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गयी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पकरीबरावां पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये। उनका आरोप था कि अस्पताल पहुंचने पर बच्चे की जांच चिकित्सक ने नहीं की, बल्कि एएनएम ने ही जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सवाल उठाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सकों की उपलब्धता के बावजूद गंभीर परिस्थितियों में आयुर्वेदिक चिकित्सक से ड्यूटी क्यों करायी जाती है। परिजनों के मुताबिक, घटना के समय देर रात आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. सत्यानंद प्रकाश ड्यूटी पर तैनात थे। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
हंगामे की सूचना मिलने पर एसआई विकास कुमार और डायल 112 की टीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। बाद में पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी एवं एसआई विकास कुमार ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद अस्पताल परिसर में स्थिति सामान्य हुई। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का कहना है कि केंद्र में एमबीबीएस चिकित्सकों की उपलब्धता के बावजूद गंभीर परिस्थितियों में आयुर्वेदिक चिकित्सक से ड्यूटी करायी जाती है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों की जांच और उपचार की व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाये।
भईया जी की रिपोर्ट

