नवादा : जिले के वारिसलीगंज में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान एक किसान को बिना वैध बिजली कनेक्शन के बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया। विभाग ने आरोपी के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। साथ ही उस पर 67 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी किसान के पास बिजली का वैध कनेक्शन नहीं था। बावजूद वह अवैध तरीके से बिजली का उपयोग कर रहा था। विभाग ने इसे बिजली चोरी का मामला मानते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।

इस मामले में सहायक विद्युत अभियंता राजीव रंजन ने स्थानीय थाने में आरोपी किसान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। विभाग ने किसान पर 67 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध बिजली कनेक्शन लेने के बाद ही बिजली का उपयोग करें। बिना कनेक्शन या अवैध तरीके से बिजली जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भईया जी की रिपोर्ट
