नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के चितरकोली समेकित जांच चौकी पर पुलिस और उत्पाद विभाग ने स्पिरिट परिवहन की आशंका में एक टैंकलोरी को रोककर जांच शुरू की है। टैंकलोरी में थिनर लोड होने की बात कही जा रही है। इसकी पुष्टि के लिए सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल टैंकलोरी को जांच चौकी पर ही रोककर रखा गया है।
गुप्त सूचना पर टैंकलोरी को रोककर की गयी जांच
मिली जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार के रास्ते टैंकलोरी के जरिये स्पिरिट की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर चितरकोली समेकित जांच चौकी पर टैंकलोरी संख्या जे एच12 एस7353 को रोककर जांच की गयी। इस दौरान चालक ने बताया कि टैंकलोरी में थिनर भरा हुआ है, जिसे कोडरमा से मोतिहारी ले जाया जा रहा था। चालक के अनुसार, थिनर बड़े टैंकरों में झारखंड के कोडरमा पहुंचता है। वहां से जरूरत के हिसाब से छोटे टैंकरों में भरकर बिहार के विभिन्न जिलों में इसकी आपूर्ति की जाती है।
सैंपल लैब भेज, कागजातों की हो रही जांच
रजौली एमओ अजीत कुमार ने बताया कि टैंकलोरी से सैंपल लेकर लैबोरेटरी जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही टैंकलोरी में लोड सामग्री से संबंधित कागजातों की जांच की जा रही है। कागजात और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि टैंकलोरी में वास्तव में थिनर है या स्पिरिट। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
अवैध शराब और स्पिरिट की तस्करी रोकने के लिए सघन जांच
बिहार में मद्यनिषेध को लेकर चितरकोली समेकित जांच चौकी पर उत्पाद बलों के सहयोग से झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध मालवाहक वाहनों और टैंकलोरी को हैंड स्कैनर से स्कैन किया जा रहा है, ताकि अवैध शराब और स्पिरिट की तस्करी पर रोक लगायी जा सके। फिलहाल प्रशासन की टीम टैंकलोरी और उसमें लोड सामग्री की जांच में जुटी है।
भईया जी की रिपोर्ट
