सारण जिले के मशरख में आज शुक्रवार को हत्या का एक सनसीखेज मामला सामने आया। यहां शिव चर्चा कराने वाले एक पुजारी की गोली मार दिये जाने की खबर है। मृतक की पहचान वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में की गई है। हत्या का ये मामला मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव का बताया जा रहा है। पुजारी की हत्या की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार पुजारी रवि प्रकाश को सिर में गोली मारी गई। पुजारी रवि प्रकाश गांवों में जाकर शिव चर्चा किया कराते थे।

हत्या की सूचना पर डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महंतों और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि प्रकाश शिव चर्चा कराते थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। उनकी हत्या की जानकारी तब मिली, जब महिलाएं गोबर फेंकने जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे एक मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद शोर मचने पर ग्रामीण जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचना देकर बुलाया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इधर पुजारी की हत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि वरुण राय भी घटनास्थल पर पहुंचे। फिलहाल हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
