बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना के बाद अब तक 7 सीटों के रिजल्ट सामने आ चुके हैं। मतगणना के आज गुरुवार को तीसरे दिन तक भी दरभंगा में स्नातक एमएलसी सीट का रिजल्ट फंसा हुआ है। इस बार के MLC चुनाव में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजों में कई बड़े उलटफेर देखने को मिले। कई सिटिंग उम्मीदवारों को हार मिली है तो वहीं, कई सीटों पर नए चेहरों ने जीत दर्ज की है। कुछ मौजूदा विधान पार्षदों ने अपनी सीट बरकरार रखी है तो वहीं इस बार दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज कर अपनी पहचान बनाई है। सबसे बड़ा उलटफेर पटना शिक्षक सीट पर देखने को मिल, जहां राजद के डॉ. संजीव ने भाजपा के नवल किशोर यादव को हरा दिया। सारण शिक्षक सीट पर भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला। यहां बीजेपी के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की है। वहीं जन सुराज का भी इस चुनाव में पहली बार खाता खुला है। पार्टी ने दरभंगा शिक्षक सीट पर जीत दर्ज की है।

दरभंगा स्नात में भाजपा के सर्वेश आगे
इसबीच काउंटिंग के आज तीसरे दिन खबर है कि दरभंगा सीट पर अभी भी फाइनल रिजल्ट घोषित नहीं किया गया है। अंतिम खबर मिलने तक दरभंगा ग्रेजुएट सीट से मौजूदा विधान पार्षद और भाजपा कैंडिडेट सर्वेश कुमार लगातार आगे चल रहे हैं, लेकिन गिनती नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है क्योंकि जीत के लिए निर्धारित जरूरी वोट के नंबर तक कोई पहुंच नहीं पाया है। मुख्य मुकाबला अब सर्वेश कुमार और राजद के अनिल झा के बीच ही लग रहा है। बताया जाता है कि मतगणना के आज तीसरे दिन की सुबह एलिमिनेशन राउंड के तहत दूसरी वरीयता के वोट गिने जा रहे हैं। एलिमिनेशन राउंड में सबसे कम वोट पाने कैंडिडेट को नीचे से बारी-बारी से गिनती से बाहर करते जाते हैं। अपुष्ट जानकारी के अनुसार दरभंगा में अब तक लगभग 35-35 कैंडिडेट एलिमिनेट हो चुके हैं और आखिरी 4-5 कैंडिडेट बचे हैं, जिसमें सर्वेश 1500-1600 वोट से अनिल झा से आगे हैं।
पटना, दरभंगा और तिरहुत में कौन जीता
इस बार के एमएलसी चुनाव में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का नतीजा सबसे ज्यादा चर्चा में रहा जहां राजद के डॉ. संजीव सिंह ने बीजेपी के नवल किशोर यादव को हरा दिया। नवल किशोर यादव लंबे समय से इस सीट पर जीतते आ रहे थे।पटना स्नातक सीट पर जीत की ताल ठोकने वाले और जनसुराज को समर्थन देने वाले अनंत सिंह को झटका देते हुए जदयू के नीरज कुमार ने जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी। वहीं दरभंगा शिक्षक सीट पर जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है और पार्टी को पहली बार जीत दिलाई है। कांग्रेस के मदन मोहन झा की सीट छिन गई है। दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार आगे हैं। जबकि तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है और तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने जीत दर्ज कर अपनी सीट बरकरार रखी है।
कोसी स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. एनके यादव जीते हैं। तो वहीं, सारण शिक्षक सीट पर भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ रहे भाजपा के बागी राहुल राज ने जीत दर्ज की है।
