नवादा : जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में कृष्ण प्रसाद खेल मैदान, मिर्जापुर में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट 2026 का 25 अक्टूबर को समापन हो गया। 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विद्यालयों के अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता की ओवरऑल चैंपियनशिप में जीआइपी पब्लिक स्कूल, पकरीबरावां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. संत जॉन्स पब्लिक स्कूल, वारिसलीगंज की टीम उपविजेता रही, जबकि श्री कृष्ण अकादमी, तेयार, अकबरपुर ने तीसरा स्थान हासिल किया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में 60 मीटर और 600 मीटर दौड़, 80 मीटर हर्डल्स, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, मेडिसिन बॉल थ्रो, जैवलिन थ्रो और पेंटाथलॉन सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गयीं। खिलाड़ियों ने अपनी गति, कौशल और खेल भावना से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उम्मीद जतायी कि खिलाड़ी भविष्य में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव विक्रम कुमार के साथ संतोष कुमार वर्मा, कीर्ति रंजन, संतु कुमार, चंदन कुमार, पवन राज, जूही कुमारी, सुनील कुमार सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जिले की छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच देना, खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करना और उन्हें उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
भईया जी की रिपोर्ट