नवादा : जिले के हिसुआ प्रखंड की कैथिर पंचायत स्थित अजय नगर में पर्वत पुरुष बाबा दशरथ मांझी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया। बुधौल, बढ़ौना और ढेवरी मोड़ के समीप चयनित स्थल पर दशरथ मांझी जागृति मंच के संस्थापक कपिलदेव मांझी ने शिलान्यास किया। इस दौरान समाज के लोगों ने बाबा दशरथ मांझी के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और संघर्ष से प्रेरणा लेने की बात कही।
मंच के संस्थापक कपिलदेव मांझी और सकलदेव मांझी ने कहा कि बाबा दशरथ मांझी उनके समाज के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने अपने श्रम और संघर्ष से असंभव को संभव करने का जज्बा दिया। उनके कार्यों ने समाज, प्रदेश और देश को प्रेरित किया है। उनकी स्मृति को जीवंत रखने और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि दशरथ मांझी जागृति मंच इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। समाज के बच्चों को शिक्षित करने और लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिये काम किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के लिए चयनित स्थल का नाम कबीर नगर रखा गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजन मांझी ने की। मौके पर रामलाल मांझी, कुलदीप मांझी, चितरघट्टी पंचायत के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि राम विलास मांझी, पिंटू मांझी, विजय साहेब, रंजीत मांझी और श्रीचंद मांझी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट
