बिहार में कल 23 अक्टूबर को हुए 8 सीटों के एमएलसी चुनाव की वोटिंग के बाद मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि जनता के बल पर ही सभी चुनाव लड़े जाते हैं, और उसी पर उनका विश्वास है। इसके बाद अनंत ने नीरज कुमार पर एक बार फिर हमला बोलते हुए कहा कि…’नीरज कुमार को अब कभी गैस की जरूरत नहीं पड़ेगी। क्योंकि उनका सारा गैस हम आज चुनाव में निकाल दिये हैं। अब बूथ पर पैसा भेजने की भी उनको जरूरत नहीं रहेगी’। उन्होंने पटना स्नातक सीट से नीरज की हार और जन सुराज कैंडिडेट अनुज कुमार की भारी जीत का दावा भी किया। इस बीच एक अखबार की सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक पटना स्नातक सीट पर मुकाबला काफी कांटे वाला है। यहां नीरज कुमार के सामने जन सुराज के अनुज सिंह और आरजेडी के दिलीप पटेल की चुनौती थी। अनंत सिंह के अनुज सिंह को समर्थन देने से मुकाबला कांटेदार हो गया परंतु अभी भी जदयू मजबूत स्थिति में बना हुआ है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार को पटखनी देने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया। इलाके में उन्होंने कई रोड शो भी किए। लेेकिन नीरज कुमार के पास अपने पुराने समर्थकों और जदयू संगठन का मजबूट आधार वोट नीतीश कुमार के कारण इंटैक्ट रहा। राजद के दिलीप पटेल ने भी अपने प्रभाव वाले इलाकों में प्रचार किया, जिससे उनका वोट भी इधर—उधर नहीं हुआ। सबसे बड़ी बात तो यह हुई कि अनंत के रोड शो और अनुज सिंह के साथ उनके प्रचार में भीड़ सड़कों पर तो दिखी, परंतु मतदान में नीरज अपने पार्टी संगठन के बूते बढ़त बनाते दिखे। ऐसे में यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि मतदान के दौरान माहौल एक फिर जेडीयू का पाले में घूम गया
उधर पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी बीजेपी के मौजूदा एमएलसी नवल किशोर यादव झटका खाते—खाते अंतिम समय में अपने को संभालने में कामयाब होते दिख रहे हैं। यहा उनके और आरजेडी के संजीव कुमार के बीच मुकाबला रहा। नवल किशोर यादव पांच बार इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जबकि संजीव कुमार पहली बार एमएलसी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा जन सुराज की दिव्या ज्योति ने भी इस सीट पर अपनी दावेदारी पेश की है लेकिन मुकाबला त्रिकोणीय नहीं बन सका और बीजेपी तथा राजद की बीच ही कांटे की टक्कर रही। यही कारण है कि इस सीट पर भले ही इसबार जीत-हार में वोट का अंतर कम रहे, लेकिन डायरेक्ट फाइट का लाभ उठाने में नवल किशोर यादव अंतिम समय में सफल रहे।
उधर तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सीपीआई के मौजूदा एमएलसी संजय सिंह और बीजेपी के नरेंद्र प्रसाद सिंह के बीच मुकाबला काफी करीबी रहने की बात कही जा रही है। देखना है कि काउंटिग के दिन बाजी किस करवट पलटती है।
