बिहार में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए आज शुक्रवार सुबह से ही वोटिंग हो रही है। बिहार में यह चुनाव सम्राट सरकार का पहली बड़ी परीक्षा कही जा रही है। सभी 8 सीटों पर दोपहर 12 बजे तक औसत 21 फीसदी से अधिक मतदान हो गया है। शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के मतों की गिनती और नतीजे 27 अक्टूबर को आएंगे।
आज हो रहे विधान परिषद चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा पटना स्नातक सीट की हो रही है। यहां जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने खुलकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ बगावत कर दी है और जन सुराज उम्मीदवार का समर्थन किया है। आज वोटिंग के बीच पटना में अनंत सिंह ने जदयू कैंडिडेट नीरज कुमार की हार और अपने द्वारा समर्थित जन सुराज प्रत्याशी की जीत का दावा किया है। वोटिंग अभी चल ही रही है और अनंत सिंह के पटना स्थित आवास पर जश्न का दौर भी शुरू हो चुका है। उनके समर्थक यहां जमकर आतिशबाजी कर रहे हैं।

इधर मतदान के बीच ही अनंत सिंह ने चुनाव में गड़बड़ी की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि ये जनता का वोट है और कोई बेईमानी नहीं करेगा। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो जनता आगे आकर जवाब दे देगी। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर कहीं भी तनाव का माहौल नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि एमएलसी चुनाव रसगुल्ला वाला चुनाव नहीं है। जनता मालिक है, भगवान है, और हमारी जीत होगी। जीत किसी दुकान में नहीं मिलती, वह जनता के पास है। इसलिए कहीं कोई दिक्कत नहीं है। वहीं पटना स्नातक सीट से एनडीए समर्थित जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार ने जीत का संकेत देते हुए विक्ट्री साइन दिखाया। नीरज कुमार आज शुक्रवार सुबह अपने क्षेत्र के लिए रवाना हो रहे थे तब मीडिया वालों ने उनसे सवाल पूछना चाहा तो वे विक्ट्री साइन दिखाते हुए निकल गए।
इसबीच वोटिंग के जारी रहने के दौरान ही जदयू से निष्कासित और फिलहाल अनंत सिंह के साथ जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के प्रचार में सक्रिय रहे छोटू सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्हें आज सुबह पटना के जक्कनपुर थाने में बिठाकर रखा गया है। छोटू सिंह को कुछ माह पूर्व अनुशासनहीनता के आरोप में जदयू से निकाल दिया गया था। इस चुनाव की सबसे हॉट सीट पटना स्नातक के लिए वोटिंग आमतौर पर शांतिपूर्ण है। हालांकि आज सुबह वोटिंग शुरू होने के बाद मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक आमने-सामने आ गए। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों ओर से झड़प होने लगी। दोनो के समर्थकों ने आरोप लगाया कि उनके लोग मतदान को प्रभावित करने की कोशिश रहे हैं। लेकिन पुलिस ने दोनों पक्षों को खदेड़ दिया।
