नवादा : जिले की रजौली पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे दो कथित शराब तस्करों को उड़ीसा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर एसआई सचिन कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गयी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव निवासी ब्रजेश तिवारी उर्फ नेताजी और रजौली थाना क्षेत्र के मोहनरियातरी गांव निवासी अमीरक यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में रजौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब से लदे दो ट्रकों को जब्त किया था। दोनों ट्रकों से करीब 7000 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई थी। इस मामले में रजौली थाना कांड संख्या 06/19 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। वे बेंगलुरु, चेन्नई और मुंबई समेत देश के कई बड़े शहरों में छिपकर रह रहे थे। रजौली पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की, लेकिन हर बार वे पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाते थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के बाद उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई की गयी थी।
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी उड़ीसा के भुवनेश्वर में छिपे हुए हैं। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गयी। टीम ने भुवनेश्वर में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया और रजौली थाना ले आयी। पुलिस के मुताबिक, ब्रजेश तिवारी उर्फ नेताजी को शराब तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना बताया जाता है। दोनों आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भईया जी की रिपोर्ट