नवादा : नगर में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में आ रही बाधा को लेकर नवादा के चर्चित समाजसेवी व अध्यक्ष कृष्णा चौधरी उर्फ पड़कन चौधरी ने रेल विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेलवे की जमीन पर अवैध तरीके से दुकान और घर बनाकर कुछ लोगों द्वारा अपना रोजगार चलाया जा रहा है और जानबूझकर ओवरब्रिज के काम को रोका जा रहा है, जबकि इस ओवरब्रिज का शिलान्यास हो चुका है और इसके लिए राशि भी आवंटित हो चुकी है।
बावजूद इसके स्थानीय स्वार्थी तत्वों और कुछ लाभ के चक्कर में लगे नेताओं द्वारा इसके निर्माण में अड़ंगा डाला जा रहा है। पड़कन चौधरी ने मांग की है कि रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से दुकान चलाने वालों से किराया वसूला जाए, तभी उनके होश ठिकाने आएंगे और सरकारी जमीन पर कब्जा मुक्त होगा।उन्होंने कहा कि कुछ लोग रिंग रोड या बाईपास बनाने की बात कर रहे हैं, लेकिन इससे नवादा शहर के लोगों को काफी परेशानी होगी, क्योंकि रिंग रोड सिर्फ नवादा से बाहर जाने का रास्ता होगा।
वहीँ, उन्होंने कहा कि शहर के लोगों को बाजार, सदर अस्पताल, कोर्ट-कचहरी और अन्य जरूरी जगहों पर जाने के लिए यह ओवरब्रिज बेहद जरूरी है। अपने निजी लाभ के लिए ओवरब्रिज को रोकना नवादा की जनता के हितों के साथ अन्याय है। रेल प्रशासन को अविलंब अतिक्रमण हटाकर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराना चाहिए, ताकि आम लोगों को जाम की समस्या से निजात मिल सके।
भईया जी की रिपोर्ट