– सात प्रखंडों में जनसंवाद कर स्नातक मतदाताओं से मांगा समर्थन, स्नातक भवन और निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा तैयारी का दिया भरोसा
नवादा : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह ने जिले के सात प्रखंडों में स्नातक मतदाताओं के साथ जनसंवाद कर समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने वर्तमान विधान पार्षद नीरज कुमार के 18 वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय में करीब 60 करोड़ रुपये का फंड मिलने के बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल किया कि जब इतने वर्षों में स्नातकों के लिए एक भवन तक नहीं बन सका, तो विकास का आकलन कैसे किया जाए।
डॉ. सिंह ने कहा कि स्नातकों के अधिकारों और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए शिक्षित वर्ग को एकजुट होना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव में जीत मिलने पर सभी जिलों में स्नातक भवन बनाने तथा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करेंगे। उन्होंने अपने संस्थान के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर करीब पांच हजार युवक शिक्षक बने हैं। इसे उन्होंने अपने व्यक्तिगत प्रयासों की उपलब्धि बताया। डॉ. सिंह ने कहा कि वे स्नातकों के घर के बेटे और भाई के रूप में उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने चुनाव मैदान में उतरे हैं।
उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के नेतृत्व में बिहार में बदलाव के अभियान को सफल बनाने की अपील की। जनसंवाद कार्यक्रम रोह, कौआकोल, पकरीबरावां, काशीचक, वारिसलीगंज और नवादा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित किए गए। इस अवसर पर सभी प्रखंड के पार्टी अध्यक्षों के साथ जनसुराज के जिला अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह, महिला अध्यक्ष कुमारी स्वीटी, समाजसेवी अशोक कुमार सिंह , अनीस खां,कृष्ण कुमार प्रभाकर सहित सभी पंचायत के स्नातक मतदाता उपस्थित थे। इस दौरान कई स्नातक मतदाताओं ने डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का भरोसा जताया।
भईया जी की रिपोर्ट