नवादा : जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब शिक्षा विभाग के सचिव और क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक (RDD) के नेतृत्व में राज्य स्तरीय शिक्षा विभाग की एक उच्चस्तरीय टीम ने अचानक ताबड़तोड़ छापामारी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई फर्जी शिक्षकों को अवैध रूप से किए गए वेतन भुगतान और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले को लेकर की जा रही है।
मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए खुद जिलाधिकारी (DM) और पुलिस कप्तान (SP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। डीईओ कार्यालय परिसर के सभी प्रवेश और निकास द्वारों को सील कर दिया गया है। ताकि कोई भी दस्तावेज अंदर बहार नहीं किया जा सके। प्रशासन की ओर से इस पूरी कार्रवाई को अत्यधिक गुप्त रखा जा रहा है। मीडिया कर्मियों और पत्रकारों के कार्यालय परिसर में प्रवेश या घटना के कवरेज पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने के साथ ही किसी भी अधिकारी को बयान देने मन किया गया है।
सूत्रों की मानें तो फर्जी शिक्षकों की बहाली, उनके दस्तावेज सत्यापन में हेरफेर और करोड़ों रुपये के फर्जी वेतन भुगतान से जुड़ी फाइलों को खंगाला जा रहा है। राज्य स्तरीय टीम के अधिकारी कंप्यूटर रिकॉर्ड, कैश बुक और संबंधित शाखाओं के महत्वपूर्ण कागजातों की गहनता से जांच कर रहे हैं। कई बड़े अधिकारियों और कर्मचारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। पूरे महकमे में इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
भईया जी की रिपोर्ट