पटना में आज सोमवार को एक बार फिर छात्रों का हुजूम सड़क पर निकल पड़ा और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध मार्च पर निकला। प्रदर्शनकारी छात्रा दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर अपनी विभिन्न मांगों के साथ विरोध मार्च कर रहे हैं। गांधी मैदान से जेपी गोलंबर की ओर मार्च के दौरान पहले जेपी गोलंबर के पास पटना पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसबीच खबर है कि छात्रों ने वहां पुलिस की बरिकेडिंग को तोड़ दिया और डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने लगे। पटना जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की कि उनका एक प्रतिनिधिमंडल सरकार से मिले और अपनी बात रखे। परंतु छात्र नहीं माने और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखने की डिमांड करते हुए आगे बढ़ने लगे। इसी दौरान छात्रों द्वारा बैरिकेड तोड़े जाने के बाद पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज कर दिया। लाठीचार्ज के बाद वहां भगदड़ और अफरा—तफरी मच गई। कई छात्रों के जख्मी होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार बिहार में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज सड़क पर उतर आए। सुबह छात्रों का जुटान गांधी मैदान पर हुआ और वहां से वे JP गोलंबर पहुंचे। यहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अभ्यर्थियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कंटीले तार भी लगाए गए। लेकिन इसपर भी छात्र नहीं रुके और बैरिकेडिंग तोड़ दिया जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। प्रदर्शन में अभ्यर्थियों के हाथों में अलग-अलग पोस्टर नजर आए जिनपर BPSSC के खिलाफ नारे लिखे हुए थे। अभ्यर्थियों का कहना था कि वे अपनी मांग को लेकर पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी बात नहीं सुनी गई है।
इधर छात्रों का प्रदर्शन उग्र होते देख डाकबंगला चौराहे पर भी बैरिकेडिंग कर दी गई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही सड़कोें पर वाहनों की आवाजाही को भी नियंत्रित कर दिया है। उधर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि लगातार धरने के बावजूद उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इसी वजह से अभ्यर्थियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने का फैसला लिया। विदित हो कि दरोगा भर्ती के 1799 पदों को लेकर आयोजित मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि परीक्षा रद्द होने से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। फिलहाल JP गोलंबर और डाकबंगला इलाके में पुलिस की तैनाती के बीच अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है।
