नवादा : पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और मद्यनिषेध को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। सुबह से दोपहर तक विभिन्न थाना क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीमों ने वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने आने-जाने वाले वाहनों को रोककर जरूरी कागजात की जांच की। संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी वाहनों और लोगों पर विशेष निगरानी रखी गयी। पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गयी।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ शराब और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार चलाये जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जांच अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न इलाकों में जांच अभियान जारी रहेगा।
भईया जी की रिपोर्ट