पटना में एक कार के अंदर रिटायर्ड इंजीनियर की लाश मिली है। वह रांची से आए थे। कार के पास एक बंदूक भी मिली है। बताया गया कि राजीव नगर थाना क्षेत्र में आज शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एक कार के अंदर रिटायर्ड इंजीनियर का शव पड़ा देखा। उससे पहले आज ही सुबह करीब साढ़े पांच बजे गोली चलने की आवाज सुनाई देने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे थे। कार की ड्राइविंग सीट वाला गेट खुला था और शीशा नीचे था जबकि अंदर ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति मृत पड़ा था और उसके शरीर में गोली लगी थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना फ्रेंड्स कॉलोनी रोड नंबर-4 की है। सूचना पर राजीव नगर थाने की पुलिस मौके वहां पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान रिटायर्ड इंजीनियर आलोक कुमार के रूप में हुई है।

हाल में बहन से मिलने रांची से पटना आए थे
मृतक रिटायर्ड इंजीनियर मूल रूप से मोतिहारी के रहने वाले थे और उन्होंने रांची के कांके रोड में अपना घर बना लिया था तथा वहीं वे रहते थे। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी कराने के साथ कई साक्ष्य एकत्र किए हैं। परिजनों के मुताबिक, आलोक कुमार रांची के कांके रोड में रहते थे। करीब तीन दिन पहले वह अपनी बहन से मिलने पटना के फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित जमुना एनक्लेव आए थे। शनिवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। कुछ देर बाद परिजनों को उनकी मौत की सूचना मिली। इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि आलोक कुमार किसी तरह के तनाव में नहीं थे और उनकी जिंदगी सामान्य चल रही थी।
इधर घटना के बाद कुछ लोगों ने इसे उनके द्वारा की गई आत्महत्या की घटना बताया है। लेकिन परिजनों ने इससे अलग इंजीनियर की हत्या की आशंका जताई है। मृत रिटायर्ड इंजीनियर के बहनोई विनोद कुमार ने कहा कि शरीर में गोली लगने की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि आलोक कुमार की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने न्यायिक जांच की भी अपील की है। घटनास्थल पर खड़ी कार पर कई जगह स्क्रैच और डेंट के निशान भी मिले हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जांच का हिस्सा बना रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को एफएसएल टीम ने एकत्र किया है। पुलिस फिलहाल हत्या और आत्महत्या, दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
