अरवल – पुलिस अधीक्षक, अरवल के निर्देशानुसार अरवल पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष वाहन जाँच अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक, अरवल द्वारा स्वयं जिले के विभिन्न स्थानों पर चलाए जा रहे विशेष वाहन जाँच अभियान का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा वाहन जाँच में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
वाहन जाँच के दौरान वाहनों के आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की जाँच की गई। साथ ही संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों का सत्यापन करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपराध नियंत्रण के दृष्टिकोण से सतर्क एवं संवेदनशील रहकर प्रभावी कार्रवाई करने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष वाहन जाँच अभियान का उद्देश्य अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम, यातायात नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा जिले में विधि-व्यवस्था एवं जन-सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करना है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट
