बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र में कार्बन फैक्ट्री चौक के पास बीती देर शाम वॉशिंग सेंटर संचालक गणेश कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गणेश के सीने और पेट में गोली लगने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोली लगने के बाद गणेश सड़क पर गिर पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। गणेश कार्बन फैक्ट्री के पास वॉशिंग सेंटर चलाते थे और इसी काम से परिवार का भरण-पोषण करते थे।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे गणेश
मृतक गणेश के सहकर्मी प्रकाश कुमार शर्मा के अनुसार शाम पौने सात बजे के बाद गणेश दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी में थे। गणेश बाइक से आगे निकल गए थे, जबकि उनके साथी पीछे रह गए। इसी दौरान बाइक में परेशानी आने के कारण साथियों को कुछ देर रुकना पड़ा। गणेश आगे बढ़ते हुए कार्बन फैक्ट्री चौक के पास पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां गणेश गंभीर हालत में सड़क पर पड़े मिले। जानकारी के अनुसार उनके सीने और पेट में गोली लगी थी। पुलिस ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके।
जमीन के लिए मिल रही थी धमकी
गणेश की बहन रिंकी देवी ने हत्या के पीछे जमीन विवाद होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि परिवार को जमीन को लेकर पहले से धमकियां मिल रही थीं। रिंकी के मुताबिक, आरोपित पक्ष परिवार पर जमीन छोड़ने का दबाव बना रहा था और जमीन का म्यूटेशन नहीं होने देने की बात भी कही जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर परिवार ने करीब दो-तीन महीने पहले फुलवरिया थाना में लिखित शिकायत दी थी। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई थी। रिंकी का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार ने सुरक्षा को लेकर जमीन पर सीसीटीवी कैमरा भी लगवाया था। हालांकि, पुलिस को पहले शिकायत दी गई थी या नहीं, उस पर क्या कार्रवाई हुई और हत्या का जमीन विवाद से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।