नवादा : बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना की अधिसूचना संख्या-24 के तहत अनिल कुमार ने स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाएं) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। उनका पदस्थापन व्यवहार न्यायालय में किया गया है। पदभार ग्रहण करने के बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
स्वागत के दौरान न्यायिक एवं विधिक सेवा से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। अध्यक्ष अनिल कुमार ने स्थायी लोक अदालत के कामकाज को समझने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों से आवश्यक जानकारी ली। पदभार संभालने के बाद अध्यक्ष ने स्थायी लोक अदालत के सभी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों तथा जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली।
अध्यक्ष ने कार्यालय के कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिया ।उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए प्रभावी कार्यप्रणाली पर ध्यान दिया जायेगा। अनिल कुमार ने कहा कि स्थायी लोक अदालत (जनोपयोगी सेवाएं) का उद्देश्य आम लोगों को जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान के लिए सरल और सुलभ मंच उपलब्ध कराना है। ऐसे मामलों के निष्पादन में तत्परता और प्रभावी कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट