नवादा : बिहार विधानसभा की कृषि एवं उद्योग समिति के अध्यक्ष सह विधायक मिथुन कुमार और रजौली के विधायक विमल राजवंशी ने जिले के कौआकोल प्रखंड स्थित ऐतिहासिक सेखोदेवरा (सर्वोदय) आश्रम का विस्तृत जायजा लिया। विधायकों के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की कर्मभूमि रहे ऐतिहासिक केंद्र की वर्तमान स्थिति का निरीक्षण करना, यहाँ संचालित जनकल्याणकारी व कृषि योजनाओं की समीक्षा करना और आश्रम के सर्वांगीण विकास की संभावनाओं को टटोलना था।
कृषि विज्ञान केंद्र व खादी इकाइयों का निरीक्षण
कृषि एवं उद्योग समिति के अध्यक्ष मिथुन कुमार ने आश्रम परिसर में संचालित कृषि विज्ञान केंद्र और खादी वस्त्र निर्माण इकाइयों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय कृषि वैज्ञानिकों और कारीगरों से बातचीत की तथा यहाँ चल रहे स्वरोजगार व तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति जानी।
उद्योग व स्थानीय कृषि को बढ़ावा देने पर बल
विधायक मिथुन कुमार ने कहा कि कौआकोल क्षेत्र में कृषि आधारित लघु और कुटीर उद्योगों की अपार संभावनाएँ हैं। समिति के माध्यम से यहाँ की कृषि-प्रौद्योगिकी तथा स्थानीय खादी एवं ग्रामोद्योग को राज्य स्तर पर और अधिक प्रोत्साहन व संसाधन दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण
रजौली विधायक विमल राजवंशी और मिथुन कुमार ने जेपी की पावन यादों से जुड़ी ‘जेपी चट्टान’ तथा आश्रम के ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सर्वोदय आश्रम न केवल नवादा बल्कि पूरे बिहार की ऐतिहासिक व वैचारिक धरोहर है, जिसका संरक्षण और सौंदर्यीकरण बेहद जरूरी है।
पर्यटन व विकास को गति देने का आश्वासन
नेताओं ने स्थानीय ग्रामीणों व आश्रम प्रबंधन के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना। विधायकों ने आश्वस्त किया कि आश्रम को एक प्रमुख ऐतिहासिक-पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने और स्थानीय युवाओं को उद्योग व कृषि के माध्यम से जोड़ने के लिए विधानसभा स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। इस अवसर पर सर्वोदय आश्रम के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कृषि वैज्ञानिक एवं लोजपा रामविलास के वरीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साहू जिला प्रवक्ता पाण्डेय अमरेन्द्र कुमार आइटी सेल अध्यक्ष रोहित कुमार समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
भईया जी की रिपोर्ट