भ्रष्टाचार के खिलाफ बिहार सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आज बुधवार को आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने एक परिवहन विभाग के अफसर (ESI) के ठिकानों पर एकसाथ छापा मारा। बताया गया कि प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के पटना और भोजपुर स्थित दो ठिकानों पर छापेमारी की गई। यह कार्रवाई विशेष निगरानी कोर्ट से उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में तलाशी वारंट मिलने के बाद की गई। शुरुआती जांच में उनकी ज्ञात आय से करीब 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के सबूत मिले हैं जो परिवहन अधिकारी की ज्ञात आय से लगभग 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है। छापेमारी पटना के दानापुर और भोजपुर स्थित दो ठिकानों पर दो अलग—अलग टीमों द्वारा की गई।

EOU के अनुसार अमित कुमार गुप्ता मोहनिया चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित अवधपुरी, चांदवा मोड़ के पास के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना में 29 सितंबर को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13 (2) सहपठित धारा 13 (1) (बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। ईओयू के अनुसार, जांच के दौरान अमित कुमार गुप्ता की ज्ञात आय के वैध स्रोतों से करीब एक करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से करीब 148.10 फीसदी अधिक बताई गई है। इसी आधार पर विशेष निगरानी न्यायालय, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया।
बुधवार सुबह ईओयू की एक टीम ने अफसर के पहले ठिकाने, भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अवधपुरी, चांदवा मोड़ के पास स्थित उनके निजी आवास पर दबिश दी। जबकि परिवहन अधिकारी के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित साईं वरदान सिटी के ब्लॉक-सी का फ्लैट नंबर 609 में दूसरी टीम ने रेड डाली। दोनों स्थानों पर पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीम कार्रवाई में जुटी है और बताया गया कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी। अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनियां चेक पोस्ट पर परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
