पश्चिम चंपारण और शिवहर—मुजफ्फरपुर में तबाही के बाद अब गंडक नदी ने उत्तर बिहार के 2 और जिलों में तांडव मचाना शुरू कर दिया है। खबर है कि आज बुधवार सुबह सारण और गोपालगंज जिलों में गंडक नदी पर बने 2 तटबंध टूट गए है। गोपालगंज के बैकुंडपुर प्रखंड स्थित शीतलपुर में बांध टूटने के बाद पानी तेजी से निचले इलाकों की ओर फैल रहा है। इससे आसपास के लोगों में अफरातफरी का माहौल है। सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को संभालने में जुटी है। बैकुंठपुर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का विधानसभा क्षेत्र है। इसके अलावा सारण जिले के मकेर स्थित हैजलपुर में सारण दायां तटबंध में भी 6 मीटर का गैप बन गया है जिससे गंडक का पानी हैजलपुर, परमानंद छपरा और नौकरहा गांव के नीचले इलाकों में भर गया है। यहां भी प्रशासनिक टीम बांध को पूरी तरह टूटने से बचाने के लिए पुरजोर प्रयास कर रही है।
गोपालगंज में गंडक के पानी का फैलाव फैजुलाहपुर, खोमहारीपुर, सलेमपुर, नरवार और बहरामपुर तक पहुंचने की आशंका है। वहीं गंभारी के आधे हिस्से, बैकुंठपुर, चिउताहा और बनौरा गांव में भी पानी बढ़ने का खतरा बना हुआ है। तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। यहां प्रशासन की ओर से पानी के बहाव और फैलाव को नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। तटबंध को लेकर विभाग की ओर से जरूरी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी तेजी से निचले इलाकों की तरफ बढ़ रहा है। जिला प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के क्षेत्र में तटबंध टूटने की खबर के बाद प्रशासन और जल संसाधन विभाग की सक्रियता बढ़ गई है। फिलहाल सबसे बड़ी चिंता पानी के फैलाव को रोकने और प्रभावित इलाकों तक राहत पहुंचाने की है। अगर पानी का बहाव इसी तरह बढ़ता रहा तो आने वाले घंटों में आसपास के और इलाकों पर भी इसका असर पड़ सकता है। इधर सारण से खबर मिली है कि यहां मकेर के बाघाकोल गांव के पास गंडक नदी पर स्थित मुख्य सारण तटबंध पानी का भारी दबाव नहीं झेल पाया और करीब 10 फीट तक टूट गया। यहां भी जल संसाधन विभाग और प्रशासनिक टीम बांध की मरम्मत कर हालात को संभालने की कोशिश कर रही है। पानी नीचले इलाकों की ओर बढ़ने लगा है जिसे देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अलर्ट रहने को कहा है।
