नवादा : 11वीं सब-जूनियर रग्बी 7’s प्रतियोगिता (बालक एवं बालिका) 2026-27 में जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। 24 और 25 सितंबर 2026 को भागलपुर के सैंडीस कंपाउंड में रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ भागलपुर एवं रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में जिले की बालक रग्बी टीम ने सेकंड रनर-अप स्थान हासिल किया।

पूरी प्रतियोगिता के दौरान जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर खेल कौशल, अनुशासन, आपसी तालमेल और टीम भावना का परिचय दिया। टीम की इस उपलब्धि से जिले के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर नवादा लौटने पर खिलाड़ियों और कोच का कृष्ण प्रसाद खेल मैदान, मिर्जापुर में स्वागत एवं सम्मान किया गया। जिला रग्बी संगठन के सचिव विक्रम कुमार, कीर्ति डिफेंस अकादमी के कोच कीर्ति रंजन, शारीरिक शिक्षक संतोष कुमार वर्मा, राष्ट्रीय खिलाड़ी चंदन कुमार और खेलप्रेमी लवकुश कुमार समेत अन्य लोगों ने खिलाड़ियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नवादा की टीम में रवि कुमार, रजनीश कुमार, विकास कुमार, अमन कुमार, बबलू कुमार, साहिल कुमार, संतु कुमार, रजनीश कुमार, मोहित कुमार, रमेश कुमार, सुजीत कुमार और शंकर कुमार शामिल थे। टीम ने कोच मनजीत कुमार के नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की।
संघ से जुड़े लोगों ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का सेकंड रनर-अप रहना जिले के लिए गौरव की बात है। ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण एवं विद्यालय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। खिलाड़ियों ने भी भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले तथा राज्य का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।

जिला रग्बी संगठन के पदाधिकारी ए के गुरु उर्फ अमित कुमार, कृष्णा यादव, राहुल कुमार, जूही पांडे, रंजीत कुमार, सुनील कुमार, पवन राज, गुलशन बाबू और खेलप्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों एवं कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के बल पर जिले के खिलाड़ी आने वाले समय में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट

