– CCTNS और महिला हेल्प डेस्क का लिया जायजा
नवादा : जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने नगर थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लेते हुए विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक के नगर थाना पहुंचने के बाद थाना परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच सक्रियता बढ़ गयी। एसपी ने सबसे पहले थाना के विभिन्न अभिलेखों एवं दैनिकी का अवलोकन किया। अभिलेखों के संधारण और पुलिस कार्यों से संबंधित रिकॉर्ड की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही सीसीटीएनएस की कार्यशैली की समीक्षा की गयी, ताकि पुलिस से संबंधित मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि और रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से अपडेट रखने की स्थिति स्पष्ट हो सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में दर्ज एवं लंबित कांडों की समीक्षा की। संबंधित अनुसंधानकर्ताओं से विभिन्न मामलों की वर्तमान स्थिति और अनुसंधान की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित कांडों के अनुसंधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक मामले का अतिशीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गंभीरता से अनुसंधान करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई समय पर पूरी करने के निर्देश दिये। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए अनुसंधान में आने वाली समस्याओं को दूर करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने नगर थाना स्थित महिला हेल्प डेस्क का अवलोकन किया। महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निपटारे और उन्हें उपलब्ध करायी जा रही पुलिस सहायता की जानकारी ली। महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई एवं समग्र व्यवस्था का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों के कार्यस्थल, अभिलेखों के रख-रखाव तथा थाना परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। थाना की व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर थाना थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह सहित राम इकबाल सिंह, आदित्य कुमार, धन्नू कुमार सिंह समेत दर्जनों पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। एसपी के निरीक्षण को लेकर थाना स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों ने विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी उपलब्ध करायी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा, अभिलेखों के बेहतर संधारण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और आम लोगों को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।
भईया जी की रिपोर्ट