भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है जिसमें आर्म्स एक्ट का एक आरोपी गिरफ्तारी के बाद उसे ले जा रही पुलिस को अचानक चकमा देकर नदी की तेज धार में कूद गया और फरार हो गया। घटना जगदीशपुर के सैदपुर घाट के पास की है जहां चांदन नदी के किनारे हथियार लेकर मौजूद आरोपी संतोष यादव को पुलिस ने देसी मास्केट और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम एक पुलिया से होकर आरोपी को अपनी जीप की ओर ले जा रही थी। इसी दौरान उसने सिपाही को साथ लेकर ही पुल से नदी की तेज धार में छलांग लगा दी और फरार हो गया। बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मोतीडीह गांव का रहने वाला संतोष यादव चांदन नदी के पास हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर जगदीशपुर थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हथियार समेत पकड़ लिया। टीम उसे चचरी पुल के रास्ते पुलिस वाहन तक ले जा रही थी। तभी अचानक संतोष यादव ने सिपाही को साथ खींच लिया और दोनों नदी में गिर गए।
आरोपी के नदी में छलांग लगाते ही पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस घटना से पुलिसकर्मी भी सकते में आ गए। नदी की तेज धारा में आरोपी के छलांग लगाने के बाद कुछ देर तक उसे खोजने की कोशिश की गई। बताया गया कि सिपाही किसी तरह नदी से बाहर निकल आया, लेकिन संतोष यादव का पता नहीं चल सका। इधर, आरोपी के नदी में लापता होने की सूचना मिलते ही उसके परिजन भी परेशान हो गए। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए बताया कि संतोष यादव को पुलिस पकड़कर ले गई थी और बाद में उसके नदी में कूदने की जानकारी मिली। पुलिस का कहना है कि छलांग लगाने के बाद वह दूसरी तरफ के किनारे पहुंच गया और वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद देसी मास्केट और कारतूस को जब्त कर लिया है। बताया जाता है कि संतोष यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसकी संभावित ठिकानों पर भी तलाश अभियान चला रही है। दूसरी तरफ दूसरी ओर आरोपी के परिजनों ने उसके नदी में डूबने की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि संतोष ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके अनुसार किसी व्यक्ति ने फोन करके उसे बुलाया और बाइक से चांदन नदी की ओर ले गया था। बाद में उन्हें पुलिस द्वारा पकड़े जाने और नदी में कूदने की जानकारी मिली। अब इस मामले में पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है, जबकि परिवार उसके नदी में डूबने की आशंका के साथ प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहा है।