बिहार में बेटियों के साथ गुंडई और बदसलूकी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। पिछले तीन दिनों के भीतर विभिन्न जिले से अलग—अलग कई घटनाओं की रिपोर्टिंग के बाद अब अकेले समस्तीपुर से लड़की से गुंडई का तीसरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। ताजा मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक नाबालिग लड़की को घेरकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में लोगों को लड़की का दुपट्टा खींचते और उसका हाथ मरोड़ते हुए भी देखा जा रहा है। वहीं लड़की हाथ जोड़कर लोगों को भैया—भैया कहते हुए उसे बख्श देने की गुहार लगाती दिख रही है।
इधर वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल तेज हो गई। समस्तीपुर एसपी ने इस वायरल वीडियो की जांच कर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का ही है या किसी दूसरे स्थान का। मालूम हो कि समस्तीपुर जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। सबसे पहले बुधवार देर रात कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर से एक युवती के साथ कथित बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए त्वरित कार्रवाई की थी। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके करीब 16 घंटे बाद मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के लाटबसेपुरा गांव से युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस मामले में भी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। अन्य लोगों की तलाश जारी है।
अब यह तीसरा वायरल वीडियो कल्याणपुर थाना क्षेत्र का बताते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। इसमें एक लड़की को कुछ लोगों ने घेर रखा है और उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो कब का है और घटना वास्तव में कहां की है, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब का है, इसमें दिखाई दे रहे लोग कौन हैं और घटना किस परिस्थिति में हुई। पुलिस वाकये की लोकेशन और घटना की तारीख की जांच कर रही है। सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो वास्तव में कल्याणपुर थाना क्षेत्र का है या नहीं। फिलहाल तीन दिनों के भीतर समस्तीपुर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से लगातार तीसरे वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। पहले दो मामलों में कार्रवाई के बाद अब कल्याणपुर के वायरल वीडियो की जांच के परिणाम का इंतजार है।