जमुई, समस्तीपुर और बांका के बाद अब किशनगंज से एक युवती के साथ कुछ मनचलों द्वारा गुंडई करने का वीडियो सामने आया है। यहां दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया रेलवे स्टेशन का करीब पांच-छह महीने पुराना वीडियो वायरल जिसमें कुछ युवक एक युवती से गुंडई करते और एक दूसरे धर्म के युवक के साथ उसके कथित संबंध को लेकर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद किशनगंज पुलिस ने पांच आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। खबर है कि इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
किशनगंज एसपी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है। बताया जाता है कि पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे पांच आरोपियों की पहचान की है जिनमें अफसर उर्फ हाथी, जुबेर खान, मिजान उर्फ सलमान, कामिल और शहजाद शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस ने शहजाद को बीती देर रात दिघलबैंक से गिरफ्तार कर लिया और बाकी आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी में जुटी है। पुलिस ने बताया कि इनमें से अफसर उर्फ हाथी के गुजरात में, जुबेर खान के हरियाणा में, मिजान उर्फ सलमान के कर्नाटक में और कामिल के पंजाब में होने की जानकारी मिली है। इन सभी की गिरफ्तारी के लिए संबंधित राज्यों में पुलिस की टीमें भेजी गईं हैं।
पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में यह सामने आया है कि वीडियो करीब पांच से छह महीने पुराना है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत के जरिए मामले को सुलझाने की कोशिश हुई थी। उस समय थाने में मामला दर्ज नहीं हुआ था। लेकिन अब 24 सितंबर को वीडियो एसपी के व्हाट्सएप पर पहुंचा जिसके बाद एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस टीम को सक्रिय किया और जांच शुरू कराई। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि युवकों ने उसके साथ बदसलूकी करते हुए उसके दोस्त को लेकर आपत्तिजनक सवाल किए थे। पुलिस अब वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।