अरवल -जिला पदाधिकारी अरवल के मार्गदर्शन में सदर अस्पताल, अरवल परिसर में दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी कार्ड से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पात्र दिव्यांगजनों के आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रियाओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना रहा। आयोजित शिविर में कुल 09 आवेदक उपस्थित हुए, जिनके द्वारा यूडीआईडी कार्ड से संबंधित आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर में उपस्थित सभी 09 आवेदकों के मामलों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा आवेदकों को यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा इससे मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। यूडीआईडी कार्ड दिव्यांगजनों के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान पत्र है, जिसके माध्यम से दिव्यांगता से संबंधित विवरण का एकीकृत रिकॉर्ड तैयार किया जाता है।
इसका उद्देश्य देशभर में दिव्यांगजनों की पहचान को सुव्यवस्थित करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कल्याणकारी सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा प्रदान करना है। शिविर के दौरान उपस्थित दिव्यांगजनों को बताया गया कि यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगता से संबंधित पहचान एवं प्रमाणन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया गया है। इसके माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत होती है।
जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों की सुविधा एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए यूडीआईडी कार्ड से संबंधित कार्यों के त्वरित निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविर के माध्यम से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं प्रक्रिया संबंधी सहायता उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से विभिन्न कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली।
प्रभारी जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया है। कि जिले के पात्र दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड से संबंधित सेवाओं का लाभ सहज एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो। साथ ही, दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे यूडीआईडी कार्ड से संबंधित प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर इस महत्त्वपूर्ण सुविधा का लाभ उठाएं।
भईया जी की रिपोर्ट