नवादा : जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत +2 इंटर विद्यालय, मोहिउद्दीनपुर में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव एवं पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों को लेकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष पंकज सैनी ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति सतर्क रहने के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
थानाध्यक्ष ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, निजी दस्तावेज अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा अनजान नंबर से आने वाले कॉल या मैसेज पर भरोसा करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि यह कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से बनाया गया है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक हरकत, छेड़छाड़, अश्लील टिप्पणी या अनुचित व्यवहार को नजरअंदाज नहीं करने तथा ऐसी स्थिति में तत्काल किसी विश्वसनीय वयस्क या पुलिस को जानकारी देने की सलाह दी।
थानाध्यक्ष ने हाल के दिनों में जमुई में नाबालिग छात्रा से जुड़े मामले का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति परेशान करता है, आपत्तिजनक टिप्पणी करता है, पीछा करता है अथवा डराने-धमकाने का प्रयास करता है, तो इसकी जानकारी तत्काल माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को दें। सोशल मीडिया के इस्तेमाल में भी सावधानी बरतने की सलाह दी। विद्यार्थियों से अपनी तस्वीर, मोबाइल नंबर और अन्य निजी जानकारी सार्वजनिक मंचों पर साझा करने से पहले पूरी सावधानी बरतने को कहा गया।
इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाचार्य अवनीश कुमार (कुंदन), शिक्षक शशि रंजन कुमार, सोनू कुमार, प्रियतोष, पूजा कुमारी, सुषमा कुमारी, सिंपी सोनी, सुनीता कुमारी, उपेंद्र प्रसाद, सुलेखा कुमारी, सुरभि कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राप्त कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शिकायत के तरीकों की जानकारी देना था।
भईया जी की रिपोर्ट
